परमाणु परीक्षणों की विरासत
अपने परमाणु बलों की विनाशकारी क्षमता और घातकता को बढ़ाने के लिए, और अपने विरोधियों को चेतावनी भेजने के लिए, परमाणु-सशस्त्र देशों ने सन् 1945 के बाद से दुनिया भर में 2,000 से अधिक परमाणु विस्फोट परीक्षण किए है।
वायुमंडल और महासागरों में भारी मात्रा में विकिरण उत्सर्जन करते हुए, इन जहरीले प्रयोगों ने कैंसर और अन्य दीर्घकालिक बीमारियों की महामारियाँ फ़ैला दी हैं। परीक्षण स्थलों के बंद होने के दशकों बाद भी, भूमि के विशाल क्षेत्र रहने के लिए असुरक्षित बने हुए हैं।
अमेरिकी राज्य न्यू मैक्सिको में हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम विस्फोटों से ठीक तीन सप्ताह पहले, अमेरिकी सरकार ने दुनिया का पहला परमाणु विस्फोट परीक्षण किया, जिसका कोड-नाम "ट्रिनिटी" था। इसके विशाल आग के गोले ने रेत को कांच में बदल दिया, आसपास के पहाड़ों को रोशन कर दिया और विकिरणयुक्त मलबे के एक मशरूम बादल को आसमान में 12 किलोमीटर की ऊँचाई तक भेज दिया।
परीक्षण स्थल के श्रमिकों और आस-पास के समुदायों के लिए इसके परिणाम विनाशकारी थे – और आज भी महसूस किए जा रहे हैं।
दुनिया भर में ऑस्ट्रेलिया और अल्जीरिया के रेगिस्तानों से लेकर कज़ाखस्तान के मैदानों और प्रशांत महासागर के एटोल तक फैले 60 से अधिक अन्य परमाणु परीक्षण स्थलों के नीचे हवा की दिशा में या नदी के प्रवाह की दिशा में रहने या काम करने वाले लोगों के साथ भी यही स्थिति रही है।

